20 वर्ष पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य हुआ करता था, अब देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है – केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर

ब्रह्मवाक्य/रीवा। मध्यप्रदेश गौरव प्रतिष्ठान के तत्वावधान में कल, आज और कल, हर दिन आगे बढ़ता मध्यप्रदेश विषय पर प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है। 20 वर्ष पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य हुआ करता था। अब यह विकसित राज्य के तौर पर अपनी पहचान बना रहा है। वर्ष 2002 में मध्यप्रदेश का बजट 23 हजार करोड़ था जो अब गुना बढ़कर तीन लाख 14 हजार करोड़ हो गया है। जहाँ पहले प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए हुआ करती थी अब वह 5 गुना बढ़ गई है। प्रदेश की जीडीपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले यह दो से ढाई प्रतिशत थी जो आठ गुना बढ़कर अब 16 प्रतिशत हो गई है।

मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। सड़कों का जाल बिछा है।लाड़ली लक्ष्मी योजना से जहाँ बेटियों का भविष्य सुरक्षित हुआ है वहीं लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को आर्थिक तौर पर सशक्त किया है। मध्यप्रदेश में तीन करोड़ 62 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि रीवा जिले में मंत्री राजेन्द्र शुक्ल एवं सांसद जनार्दन मिश्रा के नेतृत्व में विकास के अनेकों कार्य हुए हैं जिनमें रीवा का सोलर प्लांट व गुढ़ की टनल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चल रहे एशियन गेम्स में भारत के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और इसमें मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन शामिल है। उन्होंने घोषणा की कि रीवा के स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में चार सौ मीटर सिंथेटिक ट्रैक लगाया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमारा प्रदेश विकसित राज्य की श्रेणी में शामिल होगा। आने वाले समय में हमारा देश विश्वगुरू बनेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ठाकुर युवाओं के आइकॉन हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश की उन्नति शिखर पर है। उन्होंने युवाओं को विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला भाजपाध्यक्ष डॉ अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि प्रबुद्धजन सम्मेलन के प्राप्त सुझाव मध्यप्रदेश को गढ़ने में सहायक होंगे। इस अवसर पर पूर्व कुलपति रहस्यमणि मिश्र एवं अधिवक्ता अखण्ड प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया तथा अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन व युवा उपस्थित रहे।

Sameeksha mishra

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button