मथुरा में हुई लूट के जेवर रीवा के सराफा व्यापारी ने कमीशन लेकर प्रयागराज में बिकवाए, पुलिस ने किया गिरफ्तार
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/06/loot.jpg)
ब्रह्मवाक्य, मधुरा/रीवा। मथुरा में सराफा व्यापारी से हुई लूट के तार रीवा से जुड़ गए हैं। रीवा के सराफा व्यापारी ने बदमाशों के जेवर अपने परिचित को बिकवाए थे और उसके बदले कमीशन लिया था। बदमाशों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उक्त सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है।
मथुरा में सराफा व्यापारी के साथ लूट की वारदात हुई थी। बदमाशों ने सराफा व्यापारी से जेवर लूट लिये थे जिसका मामला गोविन्दपुर थाने में दर्ज था। घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया। बदमाशों ने पूछताछ में लूटे गए जेवर सोहागी थाने के त्योंथर के सराफा व्यापारी नीलेश सोनी के माध्यम से बिकवाने की जानकारी दी।
मेमोरेडम कथन के आधार पर मथुरा की पुलिस सोहागी पहुंची जिसने स्थानीय पुलिस की मदद से उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ मथुरा ले गई है। आरोपी ने करीब 22 किलो चांदी यूपी के प्रयागराज में अपने परिचित को बिकवाई थी। इसके बदले उसने बदमाशों से तीस हजार रुपए का कमीशन भी लिया था। मथुरा पुलिस उसकी निशानदेही पर प्रयागराज के सराफा व्यापारी से बेची गई चांदी बरामद करेगी। पूरा मामला सामने आने के बाद अब व्यापारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।