रीवा में मुख्यमंत्री का रोड शो: जनदर्शन में उमड़ा जनसैलाब, शिवराज का जगह-जगह हुआ स्वागत

ब्रह्मवाक्य/रीवा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 अगस्त को रीवा शहर में आयोजित जनदर्शन यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री की यात्रा में हजारों जन समुदाय ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। जनदर्शन यात्रा विवेकानंद पार्क से प्रारंभ होकर अस्पताल चौराहा में समाप्त हुई। 1.5 किलोमीटर के जनदर्शन में मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। जनदर्शन यात्रा प्रारंभ करने से पहले मुख्यमंत्री ने विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की।

लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री विवेकानंद पार्क से खुले रथ में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए अस्पताल चौराहा पहुंचे। जहां उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। CM जनदर्शन यात्रा में शहर के विभिन्न स्थानों में जगह-जगह स्वागत अभिनंदन किया गया।

मुख्यमंत्री का युवा खेल प्रतिभाएं एवं राज्य स्तरीय नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, छात्र संगठनों, जनसेवा मित्रों, श्रमिक संगठनों, पूर्व सैनिकों, संबल, प्रधानमंत्री आवास एवं पीएम स्वनिधि से लाभान्वित हितग्राहियों, स्वयंसेवी संगठनों, अधिवक्ता संघ, अनाज व्यापारी एवं सर्राफा व्यापारी संगठन, पर्यावरण संरक्षण के प्रतिनिधियों, कपड़ा व्यापारी संघ के बड़ी संख्या में उपस्थित प्रतिनिधियों ने स्वागत अभिनंदन किया।

जनदर्शन यात्रा में फल-सब्जी संगठन, महिला उद्यमियों, डॉक्टर्स एवं एएनएम कार्यकर्ताओं, दवा व्यापारी संगठन, आयुष्मान कार्ड के लाभान्वित हितग्राहियों, दुग्ध विक्रय संघ, सामाजिक न्याय पेंशन हितग्राहियों सहित रेडक्रास सोसायटी के प्रतिनिधियों तथा अनाज व्यापारी संघ ने मुख्यमंत्री जी का आत्मीय स्वागत किया।

जनदर्शन यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने मुख्यमंत्री जी का शानदार स्वागत किया। इस दौरान अग्रवाल समाज सिंधी एवं सिख समाज, वैश्य समाज, ताम्रकार एवं मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने मुख्यमंत्री का गजमाला से आत्मीय स्वागत किया। जनदर्शन यात्रा में नैकहाई वीर बलिदानी परिवार ने तलवार व साफा भेंट किया।

सराफा व्यापारी संघ ने श्रीनाथ जी की सचित्र प्रतिमा भेंट की। मुख्यमंत्री जी का प्राचीन संस्कृति अनुसार में शंख ध्वनि से स्वास्ति वाचन कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री का कोल समाज ने जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल के नेतृत्व में परंपरागत ढंग से स्वागत किया गया। जनदर्शन यात्रा के दौरान आशा कार्यकर्ताओं, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों ने मानदेय वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और पुष्पहारों से अभिनंदन किया।

यात्रा मार्ग को गुब्बारों से सजाया गया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी की जनदर्शन यात्रा के दौरान नगर वासियों ने पूरे यात्रा मार्ग को गुब्बारों से सजाया था। मुख्यमंत्री चौहान ने अपनी जनदर्शन यात्रा विवेकानंद पार्क कालेज चौराहा से सुसज्जित रथ में सवार होकर शुरू की। उनके साथ पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा राजेन्द्र शुक्ल, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय सिंह, विधायक सेमरिया केपी त्रिपाठी, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता भी उनके साथ उपस्थित रहे।

इस्कान संगठन की भजन प्रस्तुतियों में झूमे मुख्यमंत्री
जनदर्शन यात्रा मार्ग में मानस भवन के समीप इस्कान संगठन द्वारा आकर्षक मंच से भजन प्रस्तुतियों का कार्यक्रम भी रखा था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंच के पास पहुंचते ही संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मधुर धुन संकीर्तन की लय पर मुख्यमंत्री के कदम भी थिरक उठे।

जगह-जगह गजमालाओं से मुख्यमंत्री का हुआ स्वागत
रीवा जनदर्शन यात्रा पर पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान का बाजार क्षेत्र में विभिन्न व्यापारिक संगठनों, समाजसेवी संगठनों एवं शहरवासियों ने जगह-जगह विशाल पुष्पहारों गजमाला से स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने वाहन से शहरवासियों पर पुष्प वर्षा कर अभिनंदन स्वीकार किया।

कोल समाज के प्रतिनिधियों ने किया पारम्परिक स्वागत
रीवा में जनदर्शन यात्रा के मार्ग में कोल समाज के प्रतिनिधियों ने पगड़ी और लोकगीतों के माध्यम से मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया। जनदर्शन यात्रा के समापन स्थल पंडित दीनदयाल चौक गांधी स्मारक चिकित्सालय के सामने आदिवासी समुदाय के लोक कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर मुख्यमंत्री चौहान का अभिनंदन किया। कलामंदिर के सामने कोल समाज, रविदास समाज, कबीर संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री का सैनिक स्कूल हेलीपेड में किया गया आत्मीय स्वागत
जनदर्शन कार्यक्रम एवं लाड़ली बहना योजना के अन्तर्गत पूरे प्रदेश की बहनों को एक हजार रूपये प्रत्येक के मान से सिंगल क्लिक से राशि भेजने के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने रीवा के सैनिक स्कूल हेलीपेड पहुंचे। सैनिक हेलीपेड पहुंचने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेन्द्र शुक्ला, गुढ़ क्षेत्र के विधायक नागेन्द्र सिंह, त्योंथर के विधायक श्यामलाल द्विवेदी, सिरमौर के विधायक दिव्यराज सिंह, मनगवां क्षेत्र के विधायक पंचूलाल प्रजापति, सेमरिया क्षेत्र के विधायक केपी त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय सिंह, राम सिंह, नगर पालिक निगम स्पीकर, व्यंकटेश पाण्डेय, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष प्रणव प्रताप सिंह, कमिश्नर अनिल सुचारी, एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला, कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेलीपेड में सैनिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ ग्रुप फोटो भी खिचवाई।

उच्च शिक्षा के लिए बेटियों को नहीं देनी होगी कोई फीस
मुख्यमंत्री ने आज रीवा में जनदर्शन यात्रा शुरू करने से पहले विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित किये। इस मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थित लाड़ली लक्ष्मी बेटियों ने कुमकुम चन्दन लगाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर लाड़ली बेटियों ने अपने हाथों से बनाये गये मुख्यमंत्री जी के स्केच चित्र भी भेंट किये। मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी बेटियों को दुलार करते हुये उनसे संवाद किया। चौहान ने कहा कि प्रदेश में बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए इंजीनियरिंग, मेडीकल अथवा किसी भी महाविद्यालय में कोई फीस नहीं देनी होगी। बेटियों की फीस सरकार भरेगी।

Sameeksha mishra

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button