विधानसभा अध्यक्ष ने देवतालाब शिव मंदिर के तीन तोरणद्वारों का किया शिलान्यास

ब्रह्मवाक्य/रीवा। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने देवतालाब के शिव मंदिर के तीन तोरणद्वारों का भूमिपूजन कर इनके निर्माण का शुभारंभ किया। इनकी कुल लागत दो करोड़ रुपए है। इनका निर्माण पर्यटन विकास निगम द्वारा किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने चित्रकूट के संत सनकादिक महाराज का स्वागत, वंदन तथा पूजन करके उनका सम्मान किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुझे देवतालाब के विकास के लिए बाबा भोलेनाथ और सनकादिक महाराज जी का आशीर्वाद मिला है। इस आशीर्वाद में आमजनता का आशीर्वाद मिलकर मुझे क्षेत्र के विकास की शक्ति मिली है। देवतालाब का चहुंमुखी विकास हो रहा है।

देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में 439 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। लाड़ली बहना योजना से महिलाओं को 1250 रुपए हर माह मिल रहे हैं। इसे बढ़ाकर तीन हजार रुपए किया जाएगा। क्षेत्र की जनता को मेरे प्रयासों से सरकार ने मऊगंज जिले की बड़ी सौगात दी है। इसके लिए पिछले 50 साल से संघर्ष किया जा रहा था। देवतालाब में कालेज शुरू होने से बेटियों को शिक्षा का अवसर मिला है। कटरा से मऊगंज होकर सीधी के लिए स्टेट हाईवे बनाने का प्रस्ताव लगभग मंजूर हो गया है। मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मदों से पीड़ितों की सहायता और उपचार के लिए 9 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि दी है।

विकास के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। जनता का आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र में विकास की गंगा बहती रहेगी। कार्यक्रम में कलेक्टर मऊगंज अजय श्रीवास्तव, जनपद अध्यक्ष मऊगंज नीलम सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम, शिवपूजन शुक्ला, संदीप सिंह, रामायण पाण्डेय, रामसज्जन शुक्ला, अखिलेश प्रताप सिंह, संजय सोनी, मोहनलाल तिवारी, वीरेन्द्र गुप्ता, प्रसून द्विवेदी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Sameeksha mishra

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button