लड़का-लड़की साथ बैठकर हंसी-मजाक करते पाए गए तो काट दिया जायेगा नाम, बिहार के एक कॉलेज का अनोखा फरमान

ब्रह्मवाक्य, डेस्क। लड़का-लड़की साथ बैठकर हंसी-मजाक करते पाए गए तो उनका नाम कालेज से काट दिया जायेगा। इस अजब-गजब फरमान को लेकर बिहार के सीवान जिले के एक कॉलेज इन दिनों चर्चा में है। वैसे यह फरमान कालेज प्रशासन ने 3 अक्टूबर को जारी किया था। लेकिन अब आदेश लिखा पत्र सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल यह मामला जेड ए इस्लामिया पीजी कॉलेज का है। जिसके प्राचार्य ने यह अनोखा आदेश जारी किया है, जिसके मुताबिक यदि छात्र-छात्राएं एक साथ बैठे या हंसी-मजाक करते पाए गए तो उनका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा। मतलब कालेज में कोई छात्र-छात्रा साथ में बैठकर हंसी मजाक नहीं कर सकता, नहीं तो कॉलेज से नाम काट दिया जाएगा।

वहीं इस मामले पर जेडए इस्लामिया पीजी कॉलेज (ZA Islamia PG College) के प्राचार्य इदरीस आलम ने इस अनोखे आदेश पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि ये कोई बड़ी बात नहीं है। दरअसल कुछ दिनों पहले कालेज में बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड के चक्कर में दो छात्राओं के बीच जमकर लड़ाई हुई थी। जिसका वीडिओ भी वायरल हुआ था। इसलिए बच्चों को डराने के लिए इस तरह का आदेश जारी किया गया है। हलाकि प्राचार्य इदरीस आलम खुद मानते हैं कि ऐसा नहीं लिखना चाहिए था। वहीं दूसरी ओर सीवान जिले का प्रशासन इस पत्र से अनजान बना है।

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button