रीवा में लिव इन में रह रही महिला की पीट-पीटकर की हत्या, अब पुलिस के सामने बड़ी समस्या

ब्रह्म वाक्य, रीवा। सात साल से लिव इन में रह रही एक महिला का हाथ-पैर बांधकर युवक ने मारपीट की। जब महिला की मौत हो गई तो आरोपी घर में ताला बंद कर फरार हो गया और बाद में गांव वालों को फोन कर हत्या की जानकारी दी। घटना जिले के मनगवां थाने के सूरा गांव की है।

पुलिस के मुताबिक, यहां रहने वाला पुरुषोत्तम उर्मलिया विनीता नाम की महिला के साथ लिव इन में रह रहा था। शनिवार शाम को महिला के हाथ-पैर बांधकर डंडे से पीट रहा था। गांव के कुछ लोगों ने देखा तो फटकार लगाई और उसके हाथ-पैर खुलवा दिए। रात साढ़े आठ से नौ बजे के बीच में आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और अपने घर में ताला बंद कर चला गया। जब वह बाइक से कुछ दूर रायपुर कर्चुलियान पहुंच गया तो गांव के लोगों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर रात 12 बजे पुलिस पहुंची और घर का ताला तुड़वाकर देखा तो महिला का शव अंदर पड़ा था।

महिला के शरीर पर चोट के निशान
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करवा दिया। रविवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला के शरीर में कई जगह मारपीट के निशान मौजूद थे। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। घटना को अंजाम देने वाला आरोपी अपनी मोटर साइकिल से निकला है जिसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।

… तो पुलिस कराएगी अंतिम संस्कार
महिला को आरोपी खुद लेकर आया था जो घटना के बाद से फरार है। ऐसे में पुलिस उसके परिजनों की तलाश कर रही है। पुलिस के सामने यह समस्या है कि वह शव किसको सुपुर्द करे जो उसके शव का अंतिम संस्कार कर सके। परिजनों का पता नहीं चलता है तो पुलिस शव का अंतिम संस्कार करेगी।

 

BM Dwivedi

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button