गणपति बप्पा के सहारे गहरे समुद्र में 24 घंटे तक तैरता रहा 14 साल का बच्चा, इस चमत्कार से सब हैरान, जानिए पूरी घटना
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/10/soorat.jpg)
ब्रह्मवाक्य, सूरत। गुजरात के सूरत से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जो किसी चमत्कार से कम नहीं है। दरअसल एक बच्चा मंदिर में दर्शन के लिए डुमस समुद्र तट पर गया था। पांचवीं कक्षा का यह लखन नाम का बच्चा गणेश मूर्तियों के हो रहे विसर्जन को देखने के लिए समुद्र तक पहुंच चला गया। और समुद्र की लहरों के बीच गहरे पानी में चला गया। परिवार के लोगों ने उसे खूब तलाशा, लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। ऐसे में सबने समझ लिया कि अब वह जिंदा नहीं है। लेकिन तभी एक चमत्कार हुआ और बच्चा जिंदा घर लौट आया, बच्चे को देख कर मातमी आँखों में ख़ुशी के आंसू बहने लगे।
लखन की किस्मत अच्छी थी कि जब वह समुद्र की लहरों की चपेट में फंसा तो उसे गहरे समुद्र में विसर्जित किए गए गणेश मूर्ति का सहारा मिल गया। वह गहरे समुद्र में करीब 24 घंटे तक मूर्ति के सहारे रहा। तट से करीब 18 नॉटिकल माइल्स की दूरी पर वह समुद्र में था। तभी वहां से मछली पकड़ने वाली नाव वहां गुजरी। जिसे देख कर लखन ने आवाज लगाई और हाथ हिलाया, मछुवारे तुरंत लखन के पास पहुंचे और लखन को नाव में बिठा लिया।
मछुवारे लाखन को नवसारी के धोआली बंदरगाह पर लेकर आये और पुलिस को सूचना दी गई। लखन 36 घंटे बाद परिवार से मिला। बच्चे को नवसारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल में उसे देखने के लिए भीड़ जुट गई। एक छोटा सा बच्चा समुद्र में इतने देर तक गणेश मूर्ति के अवशेष के सहारे रहा और डूबने से बच गया, लोग इसे चमत्कार से कम नहीं मान रहे।