मऊगंज कलेक्टर पहुंचे दिव्यांग के घर, हर संभव सहयोग का दिया आश्वासन, कहा- मेधावी छात्र के सपने करूंगा पूरा
ब्रह्मवाक्य.मऊगंज। मऊगंज जिले के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव इन दिनों मीडिया की सुर्खियां बने हैं। उनको कोई भी गरीब, असहाय फोन करता है। वह तुरंत पहुंच जाते है। फरियादी की समस्या सुन एड़ी चोटी का दांव लगाते है। कलेक्टर के दरियादिली के चर्चे नवागत मऊगंज जिले में तेजी से फैल रही है। हम बात कर रहे है दिव्यांग कृष्ण कुमार केवट की। क्योंकि 1 सिंतबर को ग्राम पंचायत भाठी सेंगर के हर्रई मुडहान बस्ती क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी थी।
मऊगंज कलेक्टर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि दिव्यांग कृष्ण कुमार केवट के बारे में काफी सुना था। उसके दोनों हाथ जन्म से ही नहीं है। फिर भी प्रतिभा का भंडार है। कृष्ण कुमार अपने पैरों से लिखकर पढ़ाई की। इसके बाद मेधावी छात्र बनकर उभरा है। वह आज भी पैरों से खाना खाता है। अपने पैरो से ही पानी पीता है। यह सब सुनकर खुद को नहीं रोक पाया। ऐसे में कृष्ण कुमार के घर मिलने पहुंच गया। पूछताछ में पता चला कि कृष्ण कुमार ने कक्षा 12वीं में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
तब से वह सुर्खियों में आए थे। इसके बाद भी वह निरंतर पढ़ाई करते रहे। इस वर्ष उन्होंने स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की और पीजीडीसीए का भी कोर्स किया। वह आईएएस बनना चाहते हैं। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह अपने कार्यालय में उन्हें कंप्यूटर का कार्य देंगे और घर में पढ़ने के लिए किताबों की भी व्यवस्था करेंगे। कलेक्टर ने कृष्ण कुमार को मोबाइल फोन देने का भी वादा किया। कलेक्टर ने कहा कि वह उसकी पूरी सहायता करेंगे।
अपने कार्यालय में उसे कोई न कोई काम देंगे और उसके छोटे भाई को भी पढ़ने के लिए भोपाल में व्यवस्था करेंगे। वहीं परिवार के लोगों को रोजगार मुहैया कराने का भी प्रयास करेंगे। कलेक्टर के आश्वासन पर कृष्ण कुमार और उनके परिवारजनों ने कलेक्टर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है। गांव से चलते हुए कलेक्टर ने आसपास की समस्याएं सुनी। बिजली और पंचायत विभाग की शिकायत आने पर कलेक्टर ने तुरंत विद्युत विभाग के अफसर व मऊगंज जनपद के CEO को निर्देश दिए। कहा कि तत्काल समाधान हो।