विज्ञानियों ने खोजा दुनिया का सबसे प्राचीन कब्रिस्तान, जानिए किस देश में है और कितना पुराना है

ब्रह्म वाक्य, एजेंसी। विज्ञानियों ने दक्षिण अफ्रीका (South Africa) में दुनिया के सबसे प्राचीन कब्रिस्तान (oldest cemeteries in the world) की खोज की है। इसे एक लाख साल पहले का बताया जा रहा है। जोहान्सबर्ग में यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज साइट (UNESCO World Heritage Site in Johannesburg) के पास मिला कब्रिस्तान होमो नलेदी का है, जो पेड़ पर चढ़ने वाले पाषाण युग के मानव थे।

बतादें कि अमरीका के जीवाश्म विज्ञानी ली बर्जर के नेतृत्व में यह खोज की गई। बर्जर के मुताबिक कब्रिस्तान एक गुफा के अंदर 100 फीट जमीन में दबा हुआ था। गुफा में पाषाण युग के इंसान रहते थे। खोज को ’ई-लाइफ’ में प्रकाशित किया जाएगा। विज्ञानियों के मुताबिक कब्रिस्तान से सबूत मिले हैं कि एक लाख साल पहले भी मानवजाति अस्तित्व में थी। कब्रिस्तान में छोटे दिमाग वाले होमो नलेदी मानव दफनाए जाते थे। स्मिथसोनियन ह्यूमन ओरिजिन्स प्रोग्राम के निदेशक रिक पोट्स ने कहा, अभी होमो नलेदी के बारे में बहुत कुछ जानना बाकी है।

ली बर्जर ने बताया, होमो नलेदी मानव सभ्यता का वह रूप था, जिसे बंदरों और आधुनिक मानवों के बीच की कड़ी माना जाता है। इनका दिमाग संतरे के आकार के बराबर होता था। इनकी लंबाई करीब पांच फीट तक होती थी। हाथ और पैर की मुड़ी हुई अंगुलियों के बावजूद ये उपकरण चलाने में सक्षम थे। ये आज के इंसानों की तरह चलने के लिए पैरों का इस्तेमाल करते थे।

बर्जर ने ही दस साल पहले होमो नलेदी की खोज की थी। इस खोज से इस धारणा को खत्म करने में मदद मिली कि इंसानों का विकास एक सीधी रेखा पर हुआ था। इस प्रजाति का नाम ’राइजिंग स्टार’ गुफा के नाम पर रखा गया, जहां पहली बार 2013 में इंसानों की हड्डियां मिली थीं।

 

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button