UP के रायबरेली में दर्दनाक हादसा, तालाब में नहाने के लिए कूदे आठ में से पांच बच्चों की मौत, गांव में मचा कोहराम
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/07/Raybareli.jpg)
ब्रह्मवाक्य,रायबरेली, उत्तरप्रदेश के रायबरेली में शनिवार की सुबह दर्दनाकर हादसा हो गया। गदागंज इलाके में तालाब में नहाने के लिए कूदे आठ बच्चों में से पांच बच्चों की मौत हो गई। चीखपुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तीन बच्चों को किसी तरह से बचाया। बताया गया है कि सभी बच्चे पहले बारिश में भींग रहे थे। उसके बाद नहाने के लिए तालाब में कूद गए। लेकिन गहरे पानी और दलदली मिट्टी में फंसने के कारण डूबने लगे। हादसे की खबर लगते ही बड़ी संख्या में आसपास ले लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हादसे में मरने वाले सभी बच्चों की उम्र 7 से 12 साल के बीच है। गांव में एक साथ पांच बच्चों की मौत से कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक बांसी रिहायक गांव के रहने वाले आठ बच्चे बारिश में नहाते-नहाते अचानक तालाब में नहाने चले गए। इस दौरान उनके परिजन अपने अपने कार्यो में व्यस्त थे। बच्चे अक्सर ही तालाब में नहाते थे, लेकिन पिछले कई दिनों की लगातार हो रही बारिश के कारण तालाब की मिट्टी दलदली हो चुकी थी। इस बात का अंदाजा बच्चों नही था। नहाते समय एक बच्चा जब तालाब में डूबने लगा तो उसे बचाने की कोशिश में उसके और साथी मौत के आगोश में समाने लगे।
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। किसी तरह तीन बच्चों को बचा लिया गया, लेकिन पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मरने वालों में ऋतु पुत्री जीतू, सोनम पुत्री सोनू, अमित पुत्र सोनू, वैशाली पुत्री विक्रम, रूपाली पुत्री विक्रम शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के मुताबिक प्रशासन का प्रयास है कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध करा दी जाए।