गुलमर्ग घाटी की केबल कार में फंसे 250 पर्यटक, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

ब्रह्म वाक्य श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बड़ा हादसा टल गया। वहां गोंडोला केबल कार में तकनीकी खराबी के कारण करीब 250 पर्यटक फंस गए। पुलिस और सुरक्षा बलों की लंबी मशक्कत के बाद शुक्रवार को सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार शाम सैलानियों का एक दल अफरवट से गुलमर्ग लौट रहा था। केबल कार में तकनीकी खराबी के कारण पर्यटक ऊंची पहाड़ी पर फंस गए। पूरी रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार तड़के सभी सैलानियों को गुलमर्ग बेस कैंप पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि करीब 250 पर्यटक अफरवट पहुंचे थे। यह ऊंचाई वाला जंगली इलाका है, जहां काफी सर्दी रहती है। यहां से केबल कार से ही आगे जाया जाता है।

अफरवट में लोगों के ठहरने की व्यवस्था नहीं है। शाम को सर्दी बढ़ने के कारण ऑक्सीजन की कमी से केबल कार में फंसे कुछ पर्यटकों की तबीयत बिगड़ने लगी। बचाव अभियान के दौरान पुलिस ने चिकित्सा और खाने-पीने का इंतजाम किया। सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के बाद पर्यटकों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

एशिया की सबसे ऊंची गुलमर्ग-गोंडोला केबल कार से दो चरणों में यात्रा की जाती है। पहले चरण में गुलमर्ग रिसॉर्ट से कोंगडोरी स्टेशन तक कटोरे के आकार की कोंगडोरी घाटी तक पहुंचने में नौ मिनट लगते हैं। यह दूरी ढाई किलोमीटर है। केबल कार के दूसरे चरण में कोंगडोरी स्टेशन से करीब पौने चार किलोमीटर दूर अफरवट चोटी पर पहुंचने में 12 मिनट लगते हैं।

BM Dwivedi

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button