ओरछा में राजाराम लोक के लिए 80 हजार वर्गफीट होगा मंदिर परिसर, प्रशासन ने दिया प्रेजेंटेशन, रहवासियों व दुकानदारों की बढ़ी चिंता

ब्रह्म वाक्य, ओरछा. मध्यप्रदेश के ओरछा में रामराजा लोक के लिए कवायद शुरू हो गई है। गुरुवार को जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों के बीच प्रेजेंटेशन दिया। बतादें कि रामराजा लोक बुंदेलखंड की संस्कृति, विरासत और पुरातत्व महत्व को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। प्रशासन ने यहां होने वाले कार्यों की जानकारी देने के साथ ही स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की। भोपाल से आए आर्किटेक्ट नितिन श्रीमाली और संगीता वैश्य ने बताया कि रामराजा मंदिर का विकास वर्ल्ड हेरिटेज और यहां के धार्मिक दृष्टिकोण को देखते हुए किया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर के पांच एकड़ के क्षेत्र को शामिल किया गया है। वर्तमान में मंदिर परिसर में 25 हजार वर्गफीट जगह है, इसे बढ़ाकर 80 हजार वर्गफीट किया जाएगा। मंदिर के सामने पार्क, कमल और पुष्पक विमान की कलाकृतियां बनाई जाएंगी। परिसर को भव्य रूप दिया जाएगा।

बनाए जाएंगे तीन द्वार
ओरछा में रामराजा लोक प्रोजेक्ट के तहत मंदिर में तीन द्वार रखे जाएंगे। वर्तमान में यहां दो द्वार हैं। एक से श्रद्धालु प्रवेश करते हैं, जबकि दूसरे से बाहर निकलते हैं। मंदिर स्थित भंडार गृह को भी हटाकर कहीं और ले जाया जाएगा।

रहवासियों व दुकानदारों को चिंता
ओरछा में रामराजा लोक के लिए मंदिर परिसर में विकास कार्य होने पर यहां रहने वाले लोगों के साथ ही दुकानदारों ने चिंता जताई कि वे कहां जाएंगे? जिसपर प्रशासन ने कहा है कि जिनके पास वैध पट्टे हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा।

प्रदेश में अभी इतने लोक पर चल रहा काम

  1. ओंकारेश्वर का एकात्म धाम: ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य के बाल स्वरूप की 108 फीट की प्रतिमा 15 अगस्त तक स्थापित होगी। वर्ष 2026 तक शंकर संग्रहालय और अद्वैत वेदांत के आचार्य शंकर अंतर्राष्ट्रीय संस्थान बनेगा। प्रोजेक्ट 2100 करोड़ का है।
  2. सलकनपुर में देवी लोक: सीहोर के सलकनपुर में 31 मई को सीएम ने इसकी आधारशिला रखी। 211.37 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
  3. जानापाव में परशुराम लोक: इंदौर जिले के जानापाव में 30 मई को 10 करोड़ 32 लाख रुपए के इस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया।
  4. दतिया का माता लोक: 24 अप्रेल को मां पीतांबरा के प्राकट्य दिवस पर सीएम शिवराज सिंह ने पीतांबरा लोक बनाने की घोषणा की थी।
  5. महेश्वर में मां देवी अहिल्या बाई लोक: सीएम ने महेश्वर में देवी अहिल्या बाई लोक के निर्माण की घोषणा की। डीपीआर बन रही है।
  6. पन्ना में जुगल किशोर सरकार लोक: सीएम ने 23 मई को ‘जुगल किशोर सरकार लोक’ बनाने का ऐलान किया। डीपीआर बननी है।
  7. भोपाल में ‘महाराणा प्रताप लोक’: सीएम ने भोपाल में महाराणा प्रताप लोक बनाने की घोषणा की। चार एकड़ जमीन तलाशी है।
  8. मैहर में शारदा मां लोक: मां शारदा देवी मंदिर में भी कॉरिडोर का निर्माण होगा। डीपीआर बन रही है।
  9. छिंदवाड़ा में जामसावली हनुमान लोक: सौसर में हनुमान लोक की घोषणा की है। मंदिर परिसर में 21 लाख का गौशाला भवन है।
  10. चित्रकूट में वनवासी श्रीराम लोक: चित्रकूट में राम की कथाएं चित्रित करते हुए भव्य लोक बनाया जाएगा।

BM Dwivedi

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button