MP Breaking News: खरगोन जिले में 50 फीट ऊंचे पुल को तोड़कर नीचे गिरी बस, 22 यात्रियों की मौत, मृतकों में 3 बच्चे, 9 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल

ब्रह्मवाक्य. खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में ऊन थाना अंतर्गत डोंगरगांव के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। बस दुर्घटना में 22 यात्रियों की मौत हो गई है। मृतकों में 3 बच्चे, 9 महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। ऊन थाना पुलिस के मुताबिक बस डोंगरगांव और दसंगा के बीच बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर 50 फीट नीचे जा गिरी है। नदी सूखी होने के चलते हादसा विभत्स हो गया है। जिससे बस दुर्घटना ने विकराल रूप धारण कर लिया है।

बोराड़ नदी में बस हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे है। आधा सैकड़ा गांव वाले बस में फंसे यात्रियों को कांच ताेड़कर बाहर निकाले। वहीं कई लोगों ने बस को सीधा किया। कुछ लोगों ने पुलिस काे सूचना दी। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। क्रमश: बारी-बारी से लाशों को साइड किया गया। जबकि घायलों को एंबुलेंस की मदद से पहले नजदीकी अस्पताल, कुछ को जिला अस्पताल भेजवाया है।

चालक को झपकी लगने की आशंका

खरगोन एसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार की सुबह 8.40 बजे खरगोन जिले के डोंगरगांव से यात्री बस इंदौर जा रही थी। कहते है कि बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। डोंगरगाव से दसंगा के बीच पहुंचते ही बोराड़ नदी का पुल मिला। आशंका है कि वहां चालक को झपकी आ गई। ऐसे में बस पुल के डिवाइडर से टकराई। इसके बाद रेलिंग तोड़कर बस 50 फीट गहरी सूखी नदी में गिर गई। जिससे 15 यात्रियाें की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 30 से अधिक लोग घायल हो गए थे। जिनको खरगोन जिला अस्पताल भेजवाया है। जहां सात अन्य यात्रियों ने दम तोड़ दिया है।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि घटना के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मदद का ऐलान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है। घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर है। फिलहाल बस चालक का पता नहीं चल पाया है। आशंका है कि रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित बस रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी है।

खरगोन बस हादसा
खरगोन बस हादसा

50 से ज्यादा लोग सवार थे
सूत्रों की माने तो मां शारदा ट्रेवल्स की बस में 50 से ज्यादा लोग सवार थे। हादसे के बाद डोंगरगांव और लोनारा गांव के ग्रामीण पुलिस व प्रशासन से पहले पहुंचे है। बस के कांच फोड़कर घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से पांच मिनट पहले ही बस निकली थी। बस तेज रफ्तार में चल रही थी। शुरुआत में 15 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने बताया कि अब तक 22 लोगों की मौत हुई है।

Sameeksha mishra

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button