6वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा स्पर्धा: खेलो इंडिया के बाद अब नेशनल स्कूल गेम्स की मेजबानी करेगा एमपी

ब्रह्म वाक्य, भोपाल. खेल-कूद स्पर्धाओं के राष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी में मध्य प्रदेश दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों को टक्कर देने लगा है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पांचवें संस्करण के सफल आयोजन के बाद अब राज्य को 66वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन का जिम्मा मिला है।

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से तीन वर्ष बाद 6 से 13 जून 2023 के बीच स्पर्धा का आयोजन भोपाल, ग्वालियर के अलावा दिल्ली में करवाया जा रहा है। आयोजन मप्र शासन का स्कूल शिक्षा विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग मिलकर करेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय की आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव और संचालक केके द्विवेदी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए देश के 32 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों के स्कूली खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 7 जून को शाम 6 बजे टीटी नगर स्टेडियम में होगा, जिसके मुख्य अतिथि खेल व युवा कल्याण मंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री होंगे।

23 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश, सात संगठन-इकाइयों के खिलाड़ी होंगे शामिल: आंधप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, जम्मू, कश्मीर, मेघालय, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, हरियाणा, झारखण्ड, पुडुचेरी, उत्तराखंड, नागालैंड, बिहार, दादरा और नगर हवेली, कर्नाटक, पंजाब, केरल, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और त्रिपुरा की टीमें आएंगी। सात संगठन और इकाइयों के खिलाड़ी भी शामिल होंगे।

प्रतियोगियों की सुविधा के लिए हर तरह के प्रयास 
अनुभा श्रीवास्तव, आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय के मुताबिक प्रतियोगियों के लिए भोपाल और कमलापति रेलवे स्टेशन पर स्वागत कक्ष तैयार हैं। बसों से खिलाड़ी को आवास तक ले जाएंगे। आवास स्थल पर चिकित्सा और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्हें किसी तरह की परेशानी और समस्या न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। आयोजन में जिला प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग भी सहयोगी हैं।

90 में से 20 खेलों को किया शामिल
सूची में पारंपरिक और राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय स्तर के कुल 90 खेलों को शामिल किया है, लेकिन 6 जून से शुरू हो रही स्पर्धा में 20 खेलों को लिया है। भोपाल में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वालीबॉल, जूडो, टेबल टेनिस और फुटबॉल की स्पर्धाएं करवाई जाएंगी। ग्वालियर में हॉकी व बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं होंगी।

भोपाल में आज से शुरू होंगे मुकाबले
एथलेटिक्स व बॉक्सिंग की प्रतियोगिता भोपाल में 6 से 9 जून के बीच होगी। विभिन्न राज्यों के 1750 खिलाड़ी भाग लेंगे। 8 से 12 जून के बीच ग्वालियर में होने हॉकी व बैडमिंटन में के 1100 खिलाड़ी पहुंचेंगे। 10 से 13 जून को भोपाल में ही फुटबॉल, वालीबॉल, जूडो व टेबल टेनिस में पदक जीतने खिलाड़ी पसीना बहाएंगे।

एमपी के पदक विजेताओं को प्रोत्साहन राशि
गोल्ड: 10,000 हजार
सिल्वर:7500 हजार
ब्रॉन्ज: 5000 हजार

 

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button