भाजपा नेत्री व पूर्व मंत्री महदेले का विवादित ट्वीट, नौटंकियां हो रही हैं, दारूखोरों के पैर धोए जा रहे हैं, उन्हें लाखों रुपए दिए…
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/07/bjp.jpg)
ब्रह्मवाक्य, पन्ना। भाजपा नेत्री और प्रदेश पूर्व मंत्री कुसुम सिंह महदेले सीएम के खिलाफ किये गए ट्वीट को लेकर एक बार फिर विवादों में हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि कैसी-कैसी नौटंकी हो रही है। दारूखोरों के पैर धोए जा रहे हैं। उन्हें लाखों रुपए दिए जा रहे हैं। महदेले के इस ट्वीट को सीधीपेशाब कांड से जोड़कर देखा जा रहा है। इस ट्वीट के बाद कांग्रेस नेता भाजपा पर और हमलावर है। हालांकि मामला बढ़ता देख पूर्व मंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल से इस ट्वीट को डिलीट कर दिया है। कांग्रेस नेताओं सहित जिले के आदिवासी संगठनों ने पूर्व मंत्री महदेले के इस ट्वीट को लेकर निंदा की है।
बतादें कि सीधी में भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह नशे में धुतहोकर एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने दिख रहा था। इस घटना को लेकर कांग्रेस सहित अन्य संगठनों ने देश भर में विरोध किया। जिसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित आदिवासी को भोपाल बुलाकर सीएम हाउस में उसके पैर पखारते हुए उससे माफी और उसका सम्मान कर उसके साथ भोजन भी किया था। उसे आर्थिक मदद के रूप में 5 लाख रुपए का चेक व आवास के लिए 1 लाख 50 हजार रुपए दिए थे। वहीँ आरोपी प्रवेश शुक्ला पर एनएसए की कार्रवई कर जेल भिजवाया था और उसके मकान पर बुलडोजर चलवाया था।