जानलेवा लापरवाही: युवक के ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ते ही लाइन चालू, पांच घंटे तक खंभे पर लटका रहा शव

ब्रह्मवाक्य, शिवपुरी. मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मियों की एक बड़ी करतूत सामने आई है। उनकी लापरवाही से एक कर्मचारी की जान चली गई। शव पांच घंटे तक ट्रांसफॉर्मर पर हवा में लटका रहा। मामला बदरवास विकासखंड के ग्राम बारई का है।

परमिट लेकर बंद कराई गई थी सप्लाई
दरअसल, आउटसोर्स लाइनमैन बंटी पुरी खुद काम न करते हुए विनोद कुशवाह को 4 हजार रुपए मासिक वेतन पर रखा था। रविवार सुबह ट्रांसफॉर्मर पर फेज बनाने विनोद को खंभे पर चढ़ा दिया। इसी बीच लाइन चालू होने से विनोद की मौत हो गई। बताया जाता है कि ट्रांसफॉर्मर पर काम करने के लिए परमिट लेकर सप्लाई बंद कराई गई थी, इसके बावजूद अचानक लाइन चालू हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ऊर्जा मंत्री ने 4 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

चार पर मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में ऑपरेटर अविनाश राजे, लाइन मैन बंटी पुरी एवं बिजली ठेकेदार व सुपरवाईजर नीलेश साहू पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

किराए के कर्मचारी ने रखा था किराए पर
जानकारी के मुताबिक बिजली कंपनी में अब अधिकांश काम आउटसोर्स कंपनियों के कर्मचारी कर रहे हैं। बंटी पुरी एक आउटसोर्स कंपनी का कर्मचारी है, जो बिजली कंपनी में लाइनमैन का काम कर रहा है। उसने खुद ही एक कर्मचारी को किराए पर रख लिया था।

 

BM Dwivedi

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button