Satna News: सहन नहीं हुआ वियोग, पति की मौत के कुछ समय बाद पत्नी ने भी त्याग दिए प्राण, साथ में किया गया अंतिम संस्कार
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/06/satna-news.jpg)
ब्रह्म वाक्य, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक ऐसा वाकया सामने आया जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। यहां पति की मृत्यु के कुछ घंटों बाद ही पत्नी ने भी अपने प्राण त्याग दिए। जिसके बाद पति-पत्नी दोनों की साथ में अर्थियां उठी और एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना सतना के अमरपाटन क्षेत्र के ताला थाना के तहत बाजार टोला की है। यहां रहने वाले 87 साल के हरिशंकर द्विवेदी का बुधवार की शाम को निधन हो गया। वे स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। हरिशंकर का अंतिम संस्कार अगले दिन किया जाना था। बताया जाता है कि पति की मौत का वियोग उनकी पत्नी सहन नहीं कर पाईं। पति के अंतिम संस्कार से पहले गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पत्नी की भी मृत्यु हो गई।
यह खबर इलाके में तेजी से फैली और जिसने भी सुना वह अपने आंसू नहीं रोक पाया। पति-पत्नी के अटूट प्रेम की मिसाल तो अक्सर ही दी जाती है। फिल्मों में तो अक्सर ही ऐसा देखने को मिलता है। लेकिन हकीकत में ऐसा कम ही देखने और सुनने को मिलता है। पति-पत्नी दोनों की एक साथ अर्थी निकाली गई और एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। वहीँ दूसरी ओर इस घटना के बाद परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है। एक साथ घर के दो बुजुरों के चले जाने से काफी दुखी हैं।