मुरैना हत्याकांड में 6 नहीं बल्कि 7 की हुई मौत! एक महिला की मृत्यु के बाद उसके गर्भ में पल रहे बच्चे ने भी तोड़ा दम
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/05/Morena-Massacre.jpg)
ब्रह्म वाक्य, मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना के लेपा गांव में हुए जघन्य हत्याकांड में एक और जानकारी सामने आई है। इस हत्याकांड में हुई फायरिंग में गोली लगने से जहां छह लोगों की मौत हुई। वहीं अब मधु नाम की एक महिला के गर्भ में पल रहा बच्चा भी दम तोड़ चुका है। दरअसल मधु को गोली लगी थी और अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। साथ ही मधु के पेट में पल रहे 8 महीने के बच्चे की भी मृत्यु हो गई। मधु के जेठ राकेश सिंह तोमर ने मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया है कि इस पूरे घटनाक्रम में 6 नहीं बल्कि 7 लोगों की मौत हुई है। इसमें एक बच्चा भी था जो मधु के गर्भ में पल रहा था।
शिवराज सरकार ने मानी मांगे
इस जघन्य गोलीकांड में 6 लोगों की हत्या के बाद ग्रामीण विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, शिवराज सरकार ने ग्रामीणों की मांगों को मंजूर कर लिया है। जिसके मुताबिक मृतकों की बच्चियों की शादी के लिए 5-5 लाख रुपये, शस्त्र लाइसेंस, सरकारी योजनाओं में मृतकों के परिजनों को लाभ दिया जाएगा। उक्त सभी मांगों को मानने के बाद ही मृतकों के परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजा हुए।
आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो आरोपियों की मोबाइल लोकेशन भिंड में मिलने के चलते पुलिस रात भर जिले में सर्चिंग करती रही। बताया जा रहा है कि हत्या आरोपी भिंड जिले में अपने किसी रिश्तेदार के यहां पहुंचा था। मुरैना और भिंड दोनों जिलों की पुलिस आरोपियों की पहुंच से अभी भी दूर है।