छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, चुनाव प्रचार से लौटते समय नक्सलियों ने किया हमला

ब्रह्मवाक्य, रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहले चरण के मतदान से पहले माओवादियों ने एक बड़ी वारदात कर दी है। माओवादियों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे की कौशलनार में गोली मारकर हत्या कर दी। जब वह चुनाव प्रचार से लौट रहे थे तभी नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि नारायणपुर के भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे की कौशलनार के पास नक्सलियों ने तेज धार वाले औजार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। रतन दुबे माल वाहन परिवहन संघ के जिला अध्यक्ष भी थे। वो कौशलनार बाजार में भाजपा का प्रचार कर वहां से लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में 7 नवंबर को नारायणपुर सहित 20 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। लेकिन इससे पहले ही भाजपा नेता की हत्या ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी कुछ दिन पहले ही मानपुर-मोहला इलाके में भी भाजपा नेता की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। जिसके बाद काफी बवाल मचा था। भाजपा इसे टार्गेट किलिंग करार दे रहे हैं। इस घटना के बाद भाजपा नेताओं ने सुरक्षा देने की मांग भी आयोग से की है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे झारघाटी पुलिस स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर पूर्व कौशलनार गांव चुनाव प्रचार में गए थे। इसी दौरान अज्ञात माओवादियों ने उन पर हमला कर दिया और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया और शव को जिला मुख्यालय नारायणपुर लाया गया।

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button