पिता ने अपनी तीन बेटियों को उतारा मौत के घाट, ट्रंक में छिपाई थीं लाशें, आंखे नम कर देगी कत्ल की वजह
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/10/murder.jpg)
ब्रह्मवाक्य, जालंधर। पंजाब के जालंधर में पिता द्वारा अपनी तीन बेटियों की हत्या करने का मामला सामने आया है। तीनो सगी बहनों की लाशें ट्रंक में मिली। वारदात के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने मामले को सुलझा लिया है। इन तीनों बहनों की हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि उनका पिता सुनील मंडल है। ट्रंक में शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पिता को हिरासत में ले लिया था। पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान सुनील मंडल ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। उसका कहना था कि उसने गरीबी से तंग आकर अपनी तीन बेटियों अमृता कुमारी (9), कंचन कुमारी (7) और वासु (3) को मौत के घाट उतारा था।
जानकारी के मुताबिक सुनील मंडल के पांच बच्चे हैं। आरोपी ने पहले पुलिस को बताया कि रात 8 बजे जब वह घर लौटा तो बच्चियां नहीं मिली। उन्होंने रातभर में ढूंढा लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत की। उसने पुलिस को बताया था कि वह सुबह 8 से रात 8 बजे तक काम पर गया था। रात को पुलिस मौके पर आई और मोहल्ले वालों के साथ ढूंढा भी, लेकिन बच्चियों का कोई पता नहीं चला।
पुलिस को आसपास के लोगों ने पूछताछ में बताया था कि बच्चियों का पिता सुनील मंडल नशे का आदी है। अक्सर शराब के नशे में चूर रहता है और नशे में अपने परिवार में अक्सर झगड़ा और मारपीट करता था। सुबह आसपास के लोगों ने आरोपी को एक ट्रंक बाहर निकालते देखा था। उसमें लोगों ने देखा तो तीनों बच्चियों की लाशें पड़ी थी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी।
एसएसपी देहात मुखविंदर सिंह के मुताबिक तीनों बहनों के शरीर पर मारपीट के कोई निशान नहीं मिला हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण सामने आएगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।