जमीनी रंजिश में रिश्तों का खून: बड़े भाई ने अपने दो छोटे भाइयों और मां को मारी गोली, दोनों भाई की मौत

ब्रह्म वाक्य, पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में जमीनी की रंजिश में रिश्तों का खून हो गया। देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र के गोलही मुड़िया गांव में बड़े भाई ने अपने दो छोटे भाइयों और मां पर गोली से प्राणघातक हमला कर दिया। इससे दोनों भाई की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी है। सतना जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। आरोपी ने इस दोहरे हत्याकांड को अपने बेटे के साथ मिलकर अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम गोलही मुड़िया के तीन भाई चरण सिंह, महेंद्र और नरेंद्र सिंह के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को सबसे छोटे भाई नरेंद्र सिंह के बेटे का जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी में नरेंद्र सिंह और महेंद्र सिंह का पूरा परिवार व्यस्त था। देर रात खाना के बाद गाना-बजाना हो रहा था। करीब 11 बजे बड़ा भाई चरण सिंह अपने बेटे शुभम सिंह के साथ पहुंचा और जमीन बंटवारे को लेकर बहस करने लगा।

इससे तीनों भाइयों में विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते चरण सिंह और उसके बेटे ने महेंद्र और नरेंद्र पर कट्टे से दनादन फायर कर दिया। गोली नरेंद्र, महेंद्र और बीच बचाव करने पहुंची मां को लगी। इससे तीनों गंभीर घायल हो गए। पुलिस को मिले पांच खोखे, दो बुलेट: घटना स्थल से पांच खाली खोखे और दो बुलेट बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्ती में लिया है। एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि पूरे मामले की अभी जांच की जा रही है।

दोनों की अस्पताल लाते समय रास्ते में हुई मौत
जन्मदिन की पार्टी के बीच गोली की घटना से दहशत का माहौल बन गया। आनन-फानन परिवार के अन्य सदस्य तीनों को लेकर अस्पताल की ओर भागे और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल के रास्ते झिरियन मंदिर के पास महेंद्र सिंह की मौत हो गई। दूसरे भाई नरेंद्र को देवेंद्र नगर स्वास्थ्य केंद्र से सतना रेफर कर दिया गया, जहां सतना लाते समय रात करीब 12 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। मां का सतना जिला अस्पताल में उपचार चल रहा। उसके हाथ में छर्रे लगे हैं। रविवार की सुबह पुलिस ने पन्ना जिला अस्पताल में दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए हैं।

 

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button