बिहार के आरा में फिल्मी स्टाइल में हत्या, मुखिया पति को बीच बाजार में दौड़ाकर मारी गोली, सीसीटीवी में कैद हुए हत्यारे

ब्रह्म वाक्य, भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया बाजार पर रविवार की सुबह एक बड़ी वारदात हो गई। हथियारबंद अपराधियों ने पश्चिमी गुंडी पंचायत के वर्तमान मुखिया पति व प्रॉपर्टी डीलर महेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव और आसपास के इलाके में सनाका खिंचा हुआ है। घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। जिसके चलते आरा-सिन्हा मुख्य मार्ग पर सरैया बाजार को मृतक के परिजन एवं आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क के बीचो-बीच शव को रख सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच लोगों को समझाइश देने में जुट गए।

ताबड़तोड़ बरसाई गोलियां
पेशे से महेंद्र व्यवसाई थे और सरैया बाजार में सरिया एवं गिट्टी का दुकान संचालित करते थे। मृतक के पुत्र अंकुश कुमार के मुताबिक गांव में ही केस हुआ था। जिसका पंचायती करने रविवार सुबह बुलेट से कृष्णागढ़ थाना गए थे। जब वह वापस घर लौट रहे थे, तभी सरैया बाजार पर ही हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के द्वारा उसे सूचना मिली कि उसके पिता की गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचा। वहीं दूसरी ओर मृतक के पुत्र अंकुश ने पश्चिमी गुंडी पंचायत के पूर्व मुखिया पति अंशु उपाध्याय, धनजी यादव, सभापति जादव सहित अन्य लोगों पर पूर्व में झूठा केस करने और पिछले साल होली में उसकी मां को गोली मारने और रविवार की सुबह पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

सीसीटीवी में कैद हुए हत्यारे
बताया जा रहा है कि जब मुखिया पति अपनी बुलेट से घर लौट रहे थे। तभी पैदल चलकर आए हथियारबंद आरोपियों ने पहले ताबडतोड उन पर गोलियां बरसा दी। गोली लगते ही वह बुलेट से गिर गए। इसके बाद अपराधी कुछ दूर जाने के बाद फिर से लौटे और उनके सिर में गोली मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ये पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।

पिछले साल मुखिया पर भी हुआ था हमला
बताया जा रहा है कि साल 2022 में 19 मार्च को होली के दिन आरोपियों ने मृतक की पत्नी व वर्तमान मुखिया उमरावती देवी पर भी हमला किया था। उस वक्त उन्हें चार गोली मारी गई थी। होली के दौरान रंग खेलने के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद अपराधियों ने उनके घर पर चढ़कर गोली मारी गई थी। हालांकि उस समय मुखिया की जान बच गई।

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button