दिल्ली में जीबी पंत अस्पताल में दुष्कर्म के दौरान दरिंदगी का शिकार महिला ने तोड़ा दम, अनदेखा करने का खौफनाक अंजाम

ब्रह्म वाक्य, दिल्ली। दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल (GB Pant Hospital) में दुष्कर्म का एक बेहद ही घिनौना मामला सामने आया है। दुष्कर्म के दौरान की गई दरिंदगी की शिकार 40 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान रविवार को दम तोड़ दिया। महिला की मृत्यु के बाद अब पुलिस ने एफआईआर में हत्या की धारा भी जोड़ दी है। बतादें कि इस मामले का आरोपी शाकिर पहले ही तिहाड़ जेल में बंद है। एफआईआर के अनुसार 40 वर्षीय पीड़िता अपने दो बेटों के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में रहती थी। पति की कैंसर की वजह से पहले ही मौत हो चुकी है इसलिए परिवार की जिम्मेदारी पीड़िता पर ही थी। मृतका जीबी पंत अस्पताल में मरीजों के लिए निजी तौर पर सहायक का काम करके अपना घर खर्च चलाती थी। जबकि आरोपी शाकिर अस्पताल के बाहर रेहड़ी पर फल आदि बेचता था।

दुष्कर्म के बाद की दरिंदगी
परिजनों के मुताबिक पीड़िता और शाकिर की पहले दोस्ती थी, लेकिन उसकी बुरी हरकतों के चलते वह उसे अनदेखा करने लगी। एफआईआर के मुताबिक एक मई की रात को पीड़िता जीबी पंत अस्पताल की तीसरी मंजिल पर गई थी। इसी दौरान वहां पर शाकिर पहुंच गया। उसने पहले पीड़िता से फोन नहीं उठाने का कारण पूछा। इसके बाद उसकी लात-घूसों से जमकर पिटाई की और दुष्कर्म भी किया। आरोपी ने पीड़िता के चेहरे पर दांत से काटा और उसे बुरी तरह से घायल करने के बाद फरार हो गया।

किसी तरह गेट के पास पहुंची और गिर गई
गंभीर रूप से घायल पीड़िता किसी तरह से अस्पताल के गेट नंबर छह के पास पहुंची और गिर गई। वहां एक शख्स ने उसे रिक्शे पर लाद कर एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शाकिर को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन पीड़िता की हालत में सुधार नहीं हो रहा था। बताया जाता है कि पीड़िता की आंत और गर्भाशय में गंभीर चोट आई थी। इसकी वजह से आपरेशन के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार रविवार को पीड़िता ने दम तोड़ दिया। वहीं इस मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जीबी पंत अस्पताल के सामने प्रदर्शन भी किया।

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button