थमा गया दुनिया का सबसे बड़ा आसमान छूता फेरिस व्हील, कभी था आकर्षण का केंद्र अब जानिए क्यों साध ली चुप्पी

ब्रह्मवाक्य, एजेंसी। दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए दुबई में बुर्ज खलीफा, डीप डाइव सहित कई निर्माण किए गए हैं। इन्हीं आकर्षणों में दुनिया का सबसे ऊंचा फेरिस व्हील ‘ऐन दुबई’ भी है। ब्लूवाटर्स द्वीप पर यह विशाल व्हील करीब एक साल से धूल खा रहा है। एफिल टावर से भी ज्यादा स्टील और ‘लंदन आई’ की ऊंचाई से लगभग दोगुने व्हील को शुरुआत में सिर्फ एक माह के लिए बंद किया गया था लेकिन कई महीने बीत गए। प्रशासन ने इस हाई प्रोफाइल प्रोजेक्ट के बंद रहने से जुड़ी कोई आधिकारिक घोषणा भी नहीं की है।

दुबई में इन दिनों रियल स्टेट बूम पर है। पूरी दुनिया के धनकुबेर यहां पैसा लगाने के लिए तैयार हैं लेकिन फेरिस व्हील का संबंध 2021 के दौरान दुबई में प्रॉपर्टी में आई तेजी से है। यह शुरू होते ही यह पर्यटकों और निवेशकों के आकर्षण का केंद्र बन गया था। अब वीकेंड के दौरान भी बहुत कम लोग आते हैं। इसके बंद होने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। ब्लूवाटर्स द्वीप के कुछ निवासी कहते हैं कि पांच महीने के संचालन के बाद यह काफी आवाज करने लगा था इसलिए इसे बंद किया गया। एक दावा है कि इसका निर्माण मजबूती से नहीं हुआ और कंपन के कारण आसपास की चीजों को नुकसान हुआ। कुछ मानते हैं कि यह डूब रहा है। समुद्र तट क्षेत्र में होटल प्रबंधक इसके गिरने से जुड़े जोखिम और क्षति का अनुमान दे रहे हैं।

800 फीट से अधिक ऊंचे ‘ऐन दुबई’ को 1,400 यात्रियों के लिए बनाया गया था। इसमें डिनर, कॉर्पोरेट कार्यक्रमों और पॉश पार्टियों के लिए निजी केबिन की भी व्यवस्था थी। देश-विदेश की कई नामी-गिरामी कंपनियों के सहयोग से बने ऐन दुबई का स्वामित्व दुबई होल्डिंग के पास है। किसी भी कंपनी ने यह बताने से मना कर दिया है कि इस व्हील की स्थिति क्या है। हालांकि, जर्मनी के तकनीकी निरीक्षण संघ ने पुष्टि की है कि वह इस व्हील के निर्माण में शामिल था लेकिन उसने संरचना के लिए अपना सर्टिफिकेशन वापस ले लिया था। दुबई में अक्सर मेगाप्रोजेक्ट्स को बंद कर दिया जाता है। जैसे ऐन दुबई के ठीक नजदीक चार अरब डॉलर के प्रोजेक्ट को दो दशक के निर्माण के बाद ध्वस्त किया जा रहा है।

 

BM Dwivedi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button