रीवा के क्योटी जलप्रपात में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था नाबालिग बच्चा, नहाते समय महाना नदी में डूबा, मौत
![](https://brahmavakya.com/wp-content/uploads/2023/09/New-Project-3.jpg)
ब्रह्मवाक्य.रीवा। रीवा जिले के क्योटी जलप्रपात में बड़ा हादसा हो गया है। इस दुर्घटना में एक किशोर की मौत हो गई है। पुलिस की मानें तो शनिवार की दोपहर 3 बजे पांच दोस्त पिकनिक मनाने चार पहिया वाहन से आए थे। कहा जा रहा है कि पांच बच्चों में तीन-चार नाबालिग थे। सभी रक्षाबंधन की छुट्टी पर अतरैला गांव आए।
सुबह प्लान बना तो दोपहर वाटरफॉल आ गए। यहां क्योटी-लालगांव वाली रोड में बने पुल से जलप्रपात के बीच महाना नदी में नहा रहे थे। तैरना किसी से नहीं आता था। इसी बीच कुछ बच्चे गहराई की ओर चले गए। शोर सुनकर आसपास के रहवासियों ने चार को बचा लिया। पर एक किशोर देखते ही देखते डूब गया।
गढ़ थाने के लालगांव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक अमरीश द्विवेदी पुत्र रोहिणी (17) अतरैला गांव कर रहने वाला है। हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम होमगार्ड के गोताखोर व एसडीईआरएफ के जवान मांगे।
तीन बजे जानकारी मिलने पर शाम पांच बजे एसडीईआरएफ के जवान आ गए। इसके बाद एसडीआरएफ टीम के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, विनीत शुक्ला, अनिल, हरिओम, भरत, ठाकुर सिंह, मुकेश आदि जवानों ने रेस्क्यू शुरू किया। रस्सा व कांटा डालकर खोजा गया। तभी डेढ़ घंटे बाद शाम साढ़े छह बजे शव मिल गया है।