MP में पोस्टर वार: सुबह कमलनाथ तो शाम को लग गए सीएम शिवराज के खिलाफ पोस्टर
ब्रह्मवाक्य, भोपाल। मध्यप्रदेश में अब पोस्टर वार शुरू हो गया है। चुनावी वर्ष में शुक्रवार सुबह शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के खिलाफ पोस्टर लगे थे तो शाम होते-होते सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ पोस्टर लग गए। इन पोस्टरों में दोनों नेताओं को भ्रष्ट और घोटालेबाज बताया गया है। कुछ इलाकों में कमलनाथ वांटेड के पोस्टर दिखाई दिए। कांग्रेस ने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक और अपनी हार देख भाजपा वास्तविक चरित्र दिखाने लगी है।
कांग्रेस ने सीएम से कहा कि वे एक्शन लें। अगर ऐसा नहीं होता तो समझा जाएगा कि यह सब उनके इशारे पर हुआ। कांग्रेस शुक्रवार दोपहर थाने पहुंची।विधायक पीसी शर्मा, युवा कांग्रेस के विवेक त्रिपाठी, पार्षद गुड्डू चौहान आदि ने शिकायती आवेदन देकर आपत्तिजनक पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा नेकहा है कि भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
उधर, नाथ ने कहा है कि मुझे भाजपा के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं। जनता मेरी गवाह है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का हर नेता भ्रष्टाचार में लिप्त है। वह मुझे नीचा दिखाना चाहते हैं।
पोस्टर में क्यूआर कोड भी
बतादें कि शाहपुरा, मनीषा मार्केट, शैतान सिंह चौराहे पर लगाए गए पोस्टर में क्यूआर कोड भी है। लिखा है- स्कैम से बचने के लिए स्कैन करें। पोस्टर्स में कमलनाथ को ‘करप्शन नाथ’ लिखा है। 15 महीने की कमलनाथ सरकार का जिक्र कर घोटाले बताए गए हैं।